Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

जम्मू से 17 अगस्त को शुरू होगी बूढ़ा अमरनाथ यात्रा, सुरक्षा कड़ी

जम्मू, 16 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित हिमालयी तीर्थस्थल बूढ़ा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार से शुरू होगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जम्मू से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना करेंगे।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग पर सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और जम्मू से राजौरी होते हुए पुंछ तक कई स्थानों पर सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सिन्हा 17 अगस्त को सुबह साढ़े छह बजे जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के काफिले को रवाना करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, आधार शिविर और उसके आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुंछ में विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने दशनामी अखाड़ा मंदिर और शंकर नगर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घरों की जांच करने के साथ-साथ वहां रहने वाले लोगों और किरायेदारों की जानकारी भी जुटाई गई।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपने घर में ठहरने की जगह न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को आपातकालीन हेल्पलाइन पर दें।

बारह दिन तक चलने वाली बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर संपन्न होगी।

यह प्राचीन मंदिर समुद्र तल से करीब 4,600 फुट की ऊंचाई पर लोरन घाटी में पुलस्त्य नदी के किनारे स्थित है और जम्मू से इसकी दूरी लगभग 290 किलोमीटर है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष