Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् नहीं गाए जाने के विरोध में भाजयुमो ने केरल के मुख्यमंत्री के पुतले जलाए

तिरुवनंतपुरम, 16 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजपा की युवा शाखा) ने स्वतंत्रता दिवस पर केरल में वंदे मातरम् नहीं गाए जाने के विरोध में रविवार को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के पुतले फूंके।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘क्लिफ हाउस’ तक पहुंचे और सतीशन तथा जिन्ना के पुतले जलाए।

भाजपा के प्रदेश महासचिव एस. सुरेश ने प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए आरोप लगाया कि भारत के विभाजन का नेतृत्व करने वाले जिन्ना की तरह ही सतीशन भी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और जमात-ए-इस्लामी के दबाव में पाकिस्तान के संस्थापक की तरह का रुख अपना रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित अन्य राज्यों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गाया गया, लेकिन केरल में कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया क्योंकि वह मुस्लिम लीग समेत कट्टरपंथी संगठनों के दबाव से डरती है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी इसी तरह के प्रदर्शन किए गए।

प्रदर्शन में सुरेश के अलावा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शोन जॉर्ज, पार्टी के शहर जिला अध्यक्ष करमना जयन और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वी. मनुप्रसाद सहित संगठन के अन्य नेता शामिल हुए।

भाषा शोभना संतोष

संतोष