Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

देश को विकसित बनाने के लिए युवा, गरीब, अन्नदाता और महिलाओं को ताकतवर बनाना होगा : अमित शाह

जयपुर, 16 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि 2047 तक भारत को पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाने के लिए गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाना बेहद जरूरी है।

अलवर में एक समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘ज्ञान’ की अवधारणा का आशय गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी से है।

शाह ने कहा, ‘‘अगर भारत को 2047 तक पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाना है तो युवाओं, गरीबों, किसानों और महिलाओं को सशक्त करना होगा।’’

उन्होंने कहा कि किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं और पशुपालकों के लिए डेरी सुविधाएं तथा युवाओं को रोजगार की सौगात दी गई है। साथ ही, तीन लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले डेरी संयंत्र का शिलान्यास किया गया है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर पांच लाख लीटर प्रतिदिन की जाएगी। इससे पशुपालक परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

शाह ने कहा कि सहकारिता और डेरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा गरीब पशुपालकों के जीवन को बदलने के साथ ही नयी पीढ़ी के लिए संभावनाओं के द्वार खोलने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि 274 करोड़ रुपये की लागत से सरस डेरी के चार संयंत्र भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में शुरू किए जा रहे हैं। इसके अलावा फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ में चार नए केंद्रीय सहकारी बैंकों की शुरुआत भी की जा रही है। इन बैंकों के माध्यम से किसानों को शून्य ब्याज दर पर ऋण मिल सकेगा।

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दौरान केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना की छठी किस्त के तहत 66 लाख 74 हजार से अधिक किसानों के खातों में करीब 667 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 152 करोड़ रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।

उन्होंने नए केंद्रीय सहकारी बैंकों के गठन के साथ राज्य के 17 जिलों में 6,453 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही, नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार को राज्यभर में आयोजित 10वें मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत 10,500 से अधिक नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

शाह ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान में करीब 44 हजार सहकारी समितियां हैं और सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का एक भी गांव ऐसा न हो, जहां सहकारी समिति नहीं हो।

उन्होंने कहा कि राज्य में 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले 200 गोदाम बनाए जा रहे हैं और 50 नए गोदामों को भी मंजूरी दी जा रही है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों और पशुपालकों के कल्याण के लिए हर साल नयी योजनाएं ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अब तक सबसे अधिक मात्रा में अनाज की खरीद की है। साथ ही बाजरा, सरसों, गेहूं, कपास और ज्वार समेत अन्य फसलों के एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि पशुपालकों को डेरी से भुगतान मिलने की अवधि को और कम करने के प्रयास किए जाएंगे।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी के अन्य नेता आपसी कलह में उलझे हुए हैं।

उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘राजस्थान की जनता ने भाजपा को चुनने का मन बना लिया है। आपकी हार निश्चित है।’’

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उनकी सरकार ‘डबल इंजन’ की गति और शक्ति के साथ राजस्थान के हर कोने तक विकास पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि रविवार को राज्य के 17 जिलों को 6,453 करोड़ रुपये की लागत वाली 954 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजस्थान के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास की गति को तेज करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प में राजस्थान की भागीदारी को नयी ऊंचाई देगा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं अलवर से सांसद भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के अन्य नेता मौजूद थे।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत