नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन में कथित तौर पर बाधा डालने के लिए कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
एक अधिवक्ता ने 16 अगस्त को आईपी एस्टेट थाने में यह शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें ‘वंदे मातरम्’ गाया जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि समारोह में मौजूद सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत का शुरुआती हिस्सा गाए जाने के बाद कुछ इशारे किए।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इन इशारों से ऐसा प्रतीत हुआ कि वह इसके आगे के गायन पर आपत्ति जता रही थीं।
शिकायत में एक वीडियो का भी जिक्र किया गया, जिसमें राहुल गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, “हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।”
शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और दोनों नेताओं के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान “पूरी तरह अनादर” दिखाया।
भाजपा ने उनसे माफी की मांग की।
सत्तारूढ़ भाजपा के कई नेताओं ने सोनिया गांधी पर समारोह में ‘वंदे मातरम्’ को पूरा गाने पर आपत्ति जताने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस ने हालांकि इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि गीत के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी।
पिछले महीने संसद ने एक विधेयक पारित किया, जिसके तहत राष्ट्रगीत का किसी भी तरह से अपमान करना दंडनीय अपराध होगा।
‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ को राज्यसभा से मंजूरी मिलने के एक दिन बाद 30 जुलाई को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित किया गया।
इस कानून के तहत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर का दर्जा दिया गया है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश