जम्मू, 16 अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने रविवार को पीएसए के तहत कथित गौवंशीय पशु तस्कर और (पीआईटीएनडीपीएस) अधिनियम के तहत कथित मादक पदार्थ अपराधी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि कठुआ के माही चक के रहने वाले तालिब हुसैन को मवेशियों की तस्करी और दूसरी आपराधिक गतिविधियों में 'बार-बार शामिल' होने के कारण जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, कठुआ के जिलाधिकारी द्वारा जारी हिरासत आदेश को रविवार को कठुआ थाने की एक टीम ने अमल में लाया।
पुलिस ने बताया कि हुसैन के खिलाफ कठुआ, राजबाग, हीरानगर, घगवाल और लखनपुर थानों में 17 मामले दर्ज हैं। इनमें से अधिकतर मामले गौवंशीय पशु तस्करी के आरोपों और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराधों से संबंधित हैं।
पुलिस ने बताया कि ऐसी गतिविधियों में लगातार शामिल रहने के आरोपों के बाद हुसैन के खिलाफ एक रिपोर्ट तैयार करके जिलाधिकारी को सौंपी गयी थी, जिसके बाद उन्होंने हिरासत में लेने का आदेश जारी किया। उसने बताया कि आदेश लागू होने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में चक द्राब खान के रहने वाले रूपेश कुमार उर्फ बॉबी के खिलाफ 'स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण' (पीआईटीएनडीपीएस) अधिनियम के तहत हिरासत आदेश को अमल में लाई।
पुलिस ने बताया कि कुमार के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े छह मामले दर्ज हैं।
जम्मू के संभागीय आयुक्त ने निवारक हिरासत के लिए कठुआ पुलिस की तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर हिरासत का वारंट जारी किया था। उन्होंने बताया कि कठुआ थाने की एक टीम ने रविवार को वारंट पर कार्रवाई करते हुए कुमार को जेल भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार, जम्मू के संभागीय आयुक्त ने कठुआ पुलिस की ओर से तैयार रिपोर्ट के आधार पर निवारक हिरासत के लिए यह आदेश जारी किया था। कठुआ थाने की टीम ने रविवार को आदेश को लागू करते हुए कुमार को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप