Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

युवा कांग्रेस ने बंगाल में भीड़ हिंसा में एक व्यक्ति की मौत पर जांच कराने की मांग की

नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के बांकुरा में 13 अगस्त को लोगों के एक समूह के हमले में घायल हुए एक व्यक्ति के दम तोड़ देने के बाद भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने रविवार को मामले की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस की युवा शाखा के एक बयान के मुताबिक, इस घटना में जनाब माफिक गंभीर रूप से घायल हो गए और हालत बिगड़ने के बाद 15 अगस्त को बर्धमान के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि माफिक के 25 वर्षीय बेटे अब्दुल हफीज बांकुरा के एक सरकारी स्कूल की हालत को लेकर चिंता जताने गए थे, जिसके बाद कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस पर और उसके परिवार पर हमला किया।

इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

भारतीय युवा कांग्रेस ने दावा किया कि माफिक के परिवार को दो दिनों तक बांकुरा से बाहर जाने या लोगों से मिलने नहीं दिया गया। उसने कहा कि वे उन्हें इलाज के लिए बर्दवान तभी ले जा पाए जब 15 अगस्त को उनकी हालत और बिगड़ गई।

आईवाईसी ने यह भी कहा कि परिवार को प्राथमिकी की प्रति मिल गई है । उसने मांग की कि कथित हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान की जाए और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उसने कहा कि उसकी एक टीम हफीज एवं उसके परिवार की कानूनी एवं अन्य प्रकार की मदद कर रही है।

आईवाईसी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से इस घटना पर कार्रवाई करने तथा जवाबदेही तय करने की अपील की।

अब्दुल हफीज कॉकरोच जनता पार्टी का स्वयंसेवक है।

भाषा राजकुमार संतोष

संतोष