Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

जातीय जनगणना के नाम पर 'चालबाजी' कर रही है भाजपा : अखिलेश

लखनऊ, 16 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जातीय जनगणना के नाम पर 'चालबाजी' करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के बाद 'पीडीए' की सरकार बनने पर, केंद्र सरकार द्वारा नहीं कराए जाने की स्थिति में तीन महीने के अंदर राज्य सरकार यह जनगणना करायेगी।

यादव ने लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा जातीय जनगणना चाहती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यह नहीं चाहती है और वह 'चालबाजी' कर रही है।

उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं जातीय जनगणना के बाद सभी को जाति की संख्या के हिसाब से हक और सम्मान मिले। अगर दिल्ली की सरकार जातीय जनगणना नहीं करा पायी तो समाजवादी सरकार बनने के बाद तीन महीने में हम जातीय जनगणना कराकर सबको हक और सम्मान देंगे।'

सपा प्रमुख ने स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंती बाई के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में अवंती बाई ने वीरता और शौर्य के साथ अंग्रेजों का मुकाबला किया और अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार में वीरांगना अवंती बाई लोधी के जन्मदिन पर 16 अगस्त को छुट्टी घोषित की जाएगी, सरकार की तरफ से उत्सव और कार्यक्रम कराया जाएगा और लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी।

यादव ने कहा कि पेपर लीक तथा अन्य मुद्दों को लेकर हाल ही में दिल्ली में हुए छात्रों तथा युवाओं के आन्दोलन से डरकर भाजपा सरकार ने तत्कालीन शिक्षामंत्री प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को बचा लिया।

उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग रामराज लाने की बात करते थे उन्होंने अयोध्या में 'राम धन' लूट लिया।

भाषा सलीम शोभना

शोभना