मैहर, 16 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर जिले में उफनता नाला पार करते समय मोटरसाइकिल सवार 19 वर्षीय एक युवक और दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने रविवार को सात वर्षीय विराज कुशवाहा, उसके भाई सार्थक कुशवाहा और उनके मामा अंकुल कुशवाहा के शव बरामद किए।
देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तीनों शनिवार रात करीब 10 बजे तेंदुहाटी में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से जुदा गांव के पास उफनते नाले पर बनी पुलिया पार कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि युवक उस रास्ते से परिचित नहीं था और संभवतः रास्ते का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण मोटरसाइकिल समेत नाले में गिर गया।
सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल बाद में नाले के किनारे पुल के पास फंसी हुई मिली।
पीड़ितों के परिजनों ने तलाशी अभियान में कथित देरी के विरोध में रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 को जाम कर दिया। इसके कारण करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई और एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई।
पुलिस की अपील के बाद परिजनों ने करीब एक घंटे बाद सड़क से नाकाबंदी हटा ली।
भाषा
ब्रजेन्द्र रवि कांत