Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

कॉजपा स्वयंसेवक पर हमले एवं उसके पिता की मौत में भाजपा की कोई भूमिका नहीं : शुभेंदु

कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बांकुड़ा में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के एक स्वयंसेवक के परिवार पर हुए कथित हमले और उसके पिता की मौत की घटना में भाजपा से जुड़े लोगों के संलिप्त होने के आरोपों को रविवार को सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में नामजद लोग अपराधी हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कॉजपा के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने के बाद कॉजपा स्वयंसेवक शेख अब्दुल हफीज और उसके परिवार पर 13 अगस्त को कथित तौर पर हमला किया गया था।

कॉजपा ने एक बयान में बताया कि परिवार पर हुए इस कथित हमले के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से शनिवार को हफीज के पिता जनाब माफिक की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में पत्रकारों से कहा, ‘‘जिन पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी दो को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इसमें भाजपा का कोई संबंध नहीं है। वे सभी अपराधी हैं। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।’’

यह घटना बांकुड़ा जिले के कारिसुंडा इलाके में हुई। हफीज ने 13 अगस्त को अपने गांव के सरकारी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को जानने के लिए देशव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में हिस्सा लिया था।

कॉजपा ने आरोप लगाया कि उसी शाम हथियारबंद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता जबरन हफीज के घर में घुस गए और दोनों (हाफिज और उसके पिता) पर हमला किया।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमले के किसी भी आरोप की पुलिस द्वारा जांच की जानी चाहिए तथा आरोप साबित होने पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

मजूमदार ने कहा, ‘‘अगर ऐसी कोई घटना हुई है, तो प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए और पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए।’’

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कहीं यह घटना किसी स्थानीय विवाद का नतीजा तो नहीं है।

मजूमदार ने कहा कि दिल्ली में कॉजपा के हालिया विरोध प्रदर्शन में बंगाल से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने के बावजूद, कहीं और ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई ।

राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि भाजपा गलत काम का दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति का बचाव नहीं करेगी।

पॉल ने कहा, ‘‘पूरे भारत में भाजपा के लाखों कार्यकर्ता हैं। हर कार्यकर्ता के चरित्र को परखना न तो संभव है और न ही यह प्रदेश अध्यक्ष या मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है। अगर किसी ने ऐसा कुछ किया है, तो उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

पॉल ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को अपराधी के तौर पर लिया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं करेंगे। कड़ी कार्रवाई की जायेगी।’’

कॉजपा के बयान के मुताबिक, हफीज ने एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि स्कूल के एक अध्यापक ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उसके द्वारा किये गए निरीक्षण के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद यह हमला हुआ।

कॉजपा ने दावा किया कि कथित हमलावरों ने मांग की कि हफीज विद्यालय की दशा को सामने लाने को लेकर माफी मांगे तथा दावा करे कि उसने ऐसा बाहरी दबाव में किया।

कॉजपा ने कहा, ‘‘जब हफीज ने ऐसा करने से मना कर दिया तब लोगों ने उसके परिवार पर हिंसक हमला किया।’’

हफीज़ ने कहा कि कॉजपा विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद वह दिल्ली से लौटा था और उसके बाद स्कूल की खराब हालत का ब्यौरा लेने के लिए प्राथमिकी विद्यालय गया था।

उसके अनुसार, बाद में अध्यापक ने इस मामले की जानकारी स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को दी।

उसने आरोप लगाया, ‘‘13 अगस्त को रात करीब 8.30 बजे भाजपा कार्यकर्ता हमारे घर आए और हमारे साथ मारपीट की।’’

परिवार का दावा है कि हमले के बाद हफीज के पिता की हालत खराब हो गयी और उन्हें बर्दवान चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गयी।

भाषा

राजकुमार धीरज

धीरज

राजकुमार