जम्मू, 16 अगस्त (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बाढ़ प्रभावित कई इलाकों का दौरा किया और जमीनी हालात का जायजा लिया।
महबूबा ने प्राकृतिक आपदा में जान-माल के नुकसान के अलावा रिहायशी मकानों, कृषि भूमि, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और जलापूर्ति के बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान पर चिंता व्यक्त की।
पुंछ और राजौरी के सीमावर्ती ज़िलों में 19 जुलाई को भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य लापता हो गए।
महबूबा को प्रभावित परिवारों से मुलकात के दौरान बताया गया कि कई पीड़ितों को अभी तक पर्याप्त सरकारी मदद नहीं मिली है और उन्हें अपने मकानों के पुनर्निर्माण और आजीविका बहाल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सरकार को अब तक कुछ न कुछ कर लेना चाहिए था। इस आपदा को हुए लगभग डेढ़ महीने हो चुके हैं।’’
उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को तुरंत ठीक किया जाना चाहिए और उन्होंने आपदा में अपने घर खो चुके लोगों के लिए रहने की उचित व्यवस्था की मांग की।
महबूबा ने उमर अब्दुल्ला सरकार से अपील की कि वह अचानक आई बाढ़ में लापता हुए अलल मंगोटा के अब्दुल गनी के परिवार के किसी सदस्य को नौकरी दे।
भाषा धीरज शोभना
शोभना