Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

शिअद प्रमुख पर कृपाण से हमले के बाद हरसिमरत ने कहा, सुखबीर पहले से अधिक मजबूत होकर वापसी करेंगे

गुरुहरसहाय, 16 अगस्त (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सांसद हरसिमरत कौर बादल ने रविवार को कहा कि उनके पति सुखबीर सिंह बादल (जो नांदेड़ में ‘कृपाण’ से किए गए हमले में घायल हो गए थे) पहले से कहीं अधिक मजबूती से वापसी करेंगे।

उन्होंने कहा, “राष्ट्र-विरोधी तत्व पंजाब की बड़ी मुश्किल से हासिल की गई शांति को खत्म करना चाहते थे”, लेकिन ऐसी बांटने वाली हरकतें शिरोमणि अकाली दल को कभी नहीं झुका पाएंगी।

बठिंडा से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पार्टी के ‘पंजाब बचाओ’ अभियान के दूसरे चरण के तहत यहां एक रैली को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल के बुरी तरह चोटिल हाथ की सर्जरी के बाद की एक तस्वीर भी दिखाई।

महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार को एक गुरुद्वारे के अंदर निहंग वेशधारी व्यक्ति ने कृपाण से हमला करके उनके दाहिने हाथ में चोट पहुंचाई थी। हमलावर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।

हरसिमरत ने कहा कि कोई भी चीज पार्टी को उसके पथ से विचलित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी ताकत, हमारा आधार, हमारा सब कुछ हमारे गुरु हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए अब मैं इन बांटने वाली ताकतों को चुनौती दे रही हूं, आप हम पर जितना अधिक हमला करने और हमें खत्म करने की कोशिश करेंगे, हम उतने ही मजबूत होकर उभरेंगे।’’

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुखबीर बादल पर हुए दो जानलेवा हमलों की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराने की मांग की है।

नांदेड़ में 13 अगस्त की घटना और अमृतसर में दिसंबर 2024 की घटना (जिसमें स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी) को उन्होंने बादल को खत्म करने और शिअद को कमजोर करने की गहरी साजिश का हिस्सा बताया।

हरसिमरत ने कहा, ‘‘इसीलिए मैंने केंद्रीय गृह मंत्री से दोनों घटनाओं की एनआईए से जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि श्री दरबार साहिब में शिअद अध्यक्ष पर हमला करने वाले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के एजेंट को एक पुलिस अधीक्षक ने मदद पहुंचाई थी और वह इस जघन्य अपराध के तीन महीने के भीतर जमानत पाने में सफल रहा था।’’

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी क्षेत्रीय पार्टी का समर्थन करें क्योंकि उन्हें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, दोनों से ही धोखा मिला है।

भाषा

संतोष प्रशांत

प्रशांत