नागपुर, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में गिट्टीखदान पुलिस क्वार्टर में 35 वर्षीय सहायक उपनिरीक्षक ने ड्यूटी से लौटने के बाद कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान ज्ञानेश्वर झोल के तौर पर हुई है, जो पुलिस कमिश्नरेट के ‘एप्लीकेशन और प्रोटोकॉल’ विभाग में तैनात थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस कदम के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है और निजी व काम से जुड़ी समस्याओं समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, झोल शनिवार को ड्यूटी के बाद घर लौटे और परिवार के साथ खाना खाया।
उन्होंने बताया कि बाद में उनकी पत्नी अपने दो बच्चों को सुलाने के लिए दूसरे कमरे में चली गईं और जब वह लौटीं, तो उन्होंने झोल को साड़ी से लटका हुआ पाया।
परिवार के सदस्यों और सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया, “मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और घटना से पहले झोल की गतिविधियों तथा उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया, “आत्महत्या के पीछे की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। हम निजी और काम से जुड़े मामलों सहित सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रहे हैं।”
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना