Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

‘वंदे मातरम्’ पूरा नहीं गाना राष्ट्रवाद और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अपमान: शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ को पूरा न गाना राष्ट्रवाद और इस गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का “अपमान” है।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान सोनिया गांधी की “नाराजगी, आपत्ति और विरोध” को पूरे देश ने देखा।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन पर आपत्ति जताई थी।

कांग्रेस ने हालांकि इस आरोप से इनकार किया।

पार्टी ने कहा कि राष्ट्रगीत के पूर्ण गायन को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी और सोनिया गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी लाने के लिये कह रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।

शुभेंदु ने यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, “मैं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा पार्टी कार्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के गायन पर आपत्ति जताने की निंदा करता हूं। यह राष्ट्रवाद, देशभक्ति और सबसे बढ़कर ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अपमान है।”

उन्होंने कांग्रेस पर “एक विशेष वोट बैंक” को खुश करने के लिए “ तुष्टीकरण की परकाष्ठा तक राजनीति” करने का आरोप लगाया और इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टी से माफी की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पूरा बंगाल गुस्से में है। राज्य की जनता की ओर से मैं इस पार्टी की निंदा करता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे बिना शर्त माफी मांगेंगे,”

शुभेंदु ने कहा, “कांग्रेस कुछ भी छिपा नहीं सकती। पूरे देश ने देखा कि जब ‘वंदे मातरम्’ गाया जा रहा था, तब सोनिया गांधी साफ तौर पर बेहद नाराज थीं। सब कुछ रिकॉर्ड में है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी का बचाव करने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेता कार्यक्रम में जो कुछ हुआ, उसे छिपा नहीं पाएंगे।

उन्होंने कहा, “जब ‘वंदे मातरम्’ गाया जा रहा था, तब कांग्रेस की असली मालिक सोनिया गांधी ने जिस तरह नाराजगी, आपत्ति और विरोध जताया, उसे पूरे देश ने देखा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “अपने नेता को बचाने के लिए कांग्रेस नेता चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, कार्यक्रम के सीधे प्रसारण और वायरल वीडियो के बाद उनके लिए सच्चाई को छिपाने की कोई गुंजाइश नहीं है।” शुभेंदु ने कहा कि देश ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है और पूरे देश में साल भर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बंगाल की भाजपा सरकार ने सभी सरकारी और सरकार से सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में प्रार्थना के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की वंशज सुमित्रा चट्टोपाध्याय ने सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर ‘वंदे मातरम्’ के गायन पर उनकी “आपत्ति” का विरोध किया है।

शुभेंदु ने कहा, “मुझे पश्चिम बंगाल के कांग्रेस नेताओं से कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि उनमें इस मुद्दे पर कुछ कहने की क्षमता या साहस है।” उन्होंने कहा, “हालांकि, सुमित्रा चट्टोपाध्याय द्वारा लिखे गए पत्र को देखते हुए हम सोनिया गांधी और खरगे के जवाब का इंतजार करेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि संसद ने ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर कानून बनाया है।

पिछले महीने संसद ने एक विधेयक पारित किया, जिसके तहत राष्ट्रगीत का किसी भी तरह से अपमान करना दंडनीय अपराध होगा।

‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ को राज्यसभा से मंजूरी मिलने के एक दिन बाद 30 जुलाई को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित किया गया।

इस कानून के तहत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर का दर्जा दिया गया है।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत