लखीमपुर खीरी, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में तीन युवकों ने 19 वर्षीय युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
लखीमपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ (22), मधुमेश मिश्रा (23) और विशु कनौजिया (19) के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई थी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर हुई। आरोपियों में से एक के पीड़िता से दोस्ताना संबंध थे और उसने उसे अपने घर बुलाया था। उस समय उसके माता-पिता घर पर नहीं थे।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती की हालत बिगड़ने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और अपने दादा-दादी को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए और पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसपी ने बताया कि तीनों आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) के तहत सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान कानूनी प्रक्रिया के तहत दर्ज किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत