Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध की मांग करने वालों का संबंध शहरी नक्सलवाद से: महाराष्ट्र के मंत्री

मुंबई, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री और भाजपा नेता आशीष शेलार ने रविवार को आरोप लगाया कि पारंपरिक हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाले कुछ वर्ग का संबंध शहरी नक्सलवाद से है।

शेलार मुंबई के परेल में महाराष्ट्र राज्य दही हांडी गोविंदा एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘कृष्णानंद सोहला’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में महिला और पुरुष दही हांडी टीम के प्रतिनिधियों, गोविंदाओं और इस उत्सव से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

दही हांडी उत्सव भगवान कृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसमें प्रतिभागी यानी गोविंदा एक-दूसरे के ऊपर चढ़कर ऊंचा मानव पिरामिड बनाते हैं और दही, मक्खन तथा दूध से भरी मिट्टी की हांडी तक पहुंचकर उसे फोड़ते हैं।

शेलार ने उत्सव पर लगाए गए प्रतिबंधों के खिलाफ गोविंदा समूहों द्वारा लड़ी गई कानूनी लड़ाई को याद किया और इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उनके साथ मजबूती से खड़े रहने का श्रेय दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने अदालत के सामने अपना पक्ष मजबूती से रखा और इसी वजह से हम यह लड़ाई जीत सके।’’

शेलार ने आरोप लगाया कि कुछ संगठन महाराष्ट्र में गणेशोत्सव, नाग पंचमी और दही हांडी सहित पारंपरिक हिंदू त्योहारों पर बार-बार प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा सीधा आरोप है कि हमारे त्योहारों पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें प्रतिबंधित करने की दिशा में आगे बढ़ने की मांग करने वाले लोगों का संबंध शहरी नक्सलवाद से है।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि पर्यावरण संबंधी चिंताओं, सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाना चाहिए, लेकिन इन चिंताओं का इस्तेमाल पारंपरिक उत्सवों पर रोक लगाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

भाषा आशीष शोभना

शोभना