Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

हैदराबाद: ईएफएलयू परिसर में अभाविप, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, सात छात्र घायल

हैदराबाद, 16 अगस्त (भाषा) हैदराबाद स्थित ‘अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय’ (ईएफएलयू) परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) से जुड़े छात्र गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में कम से कम सात छात्र घायल हो गए। इस संबंध में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह झड़प 14 अगस्त को हुई थी, जो एक दिन पहले एक महिला छात्रावास के बाहर अभाविप सदस्यों के प्रदर्शन के दौरान दोनों छात्र गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई बहस के बाद शुरू हुई थी।

एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि अभाविप कार्यकर्ताओं ने एक छात्र के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की और ईएफएलयू छात्र संघ के उपाध्यक्ष के साथ मारपीट की। एनएसयूआई का यह भी आरोप है कि अभाविप सदस्यों के एक समूह ने उन पर लाठियों और कांच की बोतलों से हमला किया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी ओर, अभाविप (ईएफएलयू इकाई) का दावा है कि 13 अगस्त को छात्रावास के वार्डन में से एक ने दो छात्रा से अभद्रता की थी जो वहां रहने दिये जाने का अनुरोध कर रही थी।

इसके विरोध में अभाविप ने छात्रावास की बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। अभाविप का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया और बहस करके व्यवधान डालने की कोशिश की।

पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि इस झड़प में कुल सात छात्र घायल हुए हैं, जिनमें चार एनएसयूआई और तीन अभाविप के सदस्य हैं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण एनएसयूआई के चार सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उस्मानिया विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने दोनों छात्र संगठनों की ओर से मिली शिकायतों और जवाबी शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए अभाविप के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, एनएसयूआई के सात गिरफ्तार सदस्यों को थाने से ही जमानत दे दी गई है।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत