Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

ओडिशा के केंद्रपाड़ा के एक आवासीय स्कूल में बाढ़ का पानी घुसने से 400 छात्र फंसे

केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 16 अगस्त (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में सरकारी आवासीय स्कूल परिसर में रविवार को बाढ़ का पानी घुस जाने से करीब 400 छात्र फंस गए, जिनमें 150 छात्राएं भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह स्कूल पट्टामुंडई प्रखंड के पेंथापाला ग्राम पंचायत के अंतर्गत कुलासाही गांव में स्थित है और निचले इलाके में बना हुआ है।

अधिकारियों के अनुसार, ब्राह्मणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण जिले के कई निचले इलाकों में फिर से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। जिले में करीब एक पखवाड़े पहले भी बाढ़ आई थी।

इस दो मंजिला स्कूल में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के करीब 400 छात्र रहते हैं, जिनमें 150 छात्राएं हैं।

पट्टामुंडई की प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शीतल अग्रवाल ने बताया, 'चूंकि छात्राओं को भूतल पर रखा गया है, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने उन्हें औल स्थित एक दूसरे आवासीय विद्यालय में पहुंचाना शुरू कर दिया है। इसके लिए मोटर चालित नौकाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है।'

उन्होंने कहा कि पहली मंजिल पर रह रहे लगभग 250 लड़के तुलनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

बीडीओ ने कहा, 'अगर स्थिति और खराब होती है तो उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।'

प्रशासन जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर लगातार नजर बनाए हुए है और बचाव एवं निकासी की सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत