पटना, 16 अगस्त (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का समर्थन करने वाले निर्दलीय सांसद पप्पू यादव 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और अन्य मुद्दों को लेकर रविवार को पटना में प्रदर्शन स्थल पर भूख हड़ताल पर बैठ गए।
बीपीएससी और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के साथ शोधार्थी भी पटना के गर्दनीबाग इलाके में विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें सहायक प्रोफेसर की भर्ती से जुड़े नए नियमों से लेकर राज्य सिविल सेवा परीक्षा में कथित विसंगतियां शामिल हैं।
यादव ने कहा कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से आयोजित किया जाना चाहिए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शोधार्थी पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। न तो मुख्यमंत्री और न ही बिहार के शिक्षा मंत्री उनकी शिकायतों पर ध्यान दे रहे हैं। शिक्षा मंत्री बीपीएससी परीक्षाओं में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) मुख्य परीक्षा का प्रारूप लागू करने की बात कर रहे हैं, जिसका कोई तर्क नहीं है। पूरी व्यवस्था अस्त-व्यस्त है।’’
सांसद ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में अंकों को लेकर विसंगतियों, प्रश्नपत्रों के बार-बार लीक होने और सरकारी परीक्षाओं में अंग्रेजी भाषा को अधिक महत्व दिए जाने का आरोप लगाया।
पप्पू यादव ने कहा, ‘‘सरकार ने खुद स्वीकार किया था कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ था। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। लेकिन, जब छात्र इन अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें पीटा जाता है और उन्हें जेल भेज दिया जाता है।’’
यादव ने सरकार पर छात्रों के साथ ‘‘लगातार अन्याय करने’’ और ‘‘उनकी बात नहीं सुनने’’ का आरोप लगाया।
भाषा शफीक नरेश
नरेश