Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बर्नहैम ने भीषण गर्मी, सूखे के बीच किसानों के लिए अतिरिक्त निधि की घोषणा की

लंदन, 16 अगस्त (भाषा) ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने कहा है कि इंग्लैंड के किसानों को लंबे समय तक चलने वाली लू और सूखे मौसम के असर से निपटने में मदद के लिए 6.5 करोड़ पाउंड की अतिरिक्त निधि मिलेगी।

ब्रिटिश सरकार देश के बड़े हिस्सों में लंबे समय से जारी तेज गर्मी और सूखे के हालात से निपटने के लिए संघर्ष कर रही है।

इस हफ्ते की शुरुआत में, बर्नहैम ने भीषण गर्मी, जंगल की आग और सूखे के हालात पर ‘कैबिनेट ऑफिस ब्रीफिंग रूम ए (कोबरा) की एक आपातकालीन मंत्री-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। कम पैदावार और फसल बर्बाद होने से प्रभावित किसानों से मुलाकात के बाद, उन्होंने शनिवार को अतिरिक्त मदद का वादा किया।

बर्नहम ने कहा, “यह पांच साल में तीसरा सूखा है। बदलते मौसम की मार सबसे ज़्यादा किसानों पर पड़ रही है और उन्हें यह जोखिम अकेले नहीं उठाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, “कम आमदनी, ज़्यादा लागत और बारिश की कोई उम्मीद नहीं। मैं इससे जुड़ी चिंता को समझता हूं। अपना अनाज उगाना राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है और मैं इसे उसी नजरिए से देखूंगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, “इसलिए हम अभी कदम उठा रहे हैं: खेती में मदद के लिए ज़्यादा पैसे देना, जलाशय बनवाने में सहायता करना और पानी की कमी होने पर आसानी से पानी उपलब्ध कराना।”

इस हफ़्ते घोषित किए गए उपायों के पैकेज में ‘संपोषणीय खेती प्रोत्साहन 2026' के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ पाउंड शामिल हैं, जिससे कुल बजट 29 करोड़ पाउंड हो गया है। किसानों को पानी जमा करने में मदद करने के लिए खेतों में बनने वाले जलाशयों के लिए 1.5 करोड़ पाउंड तक की राशि भी शामिल है।

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत