Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

वाराणसी हवाई अड्डे पर जांच के दौरान यात्री के पिस्तौल से गोली चली, दो घायल

वाराणसी/नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गलती से चली गोली से एक महिला कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। नागर विमानन मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस)इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है, जिसमें हवाई अड्डों पर लाइसेंस वाले हथियारों को ले जाने के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन करना भी शामिल है।

मंत्रालय ने बताया कि जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

मंत्रालय के मुताबिक, दोनों घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया, स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और यात्री को जांच के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

मंत्रालय के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और हवाई अड्डे पर परिचालन बिना किसी रुकावट के जारी है।

पुलिस ने बताया कि मुंबई जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस से यात्रा करने के लिए आजमगढ़ निवासी कमलेश राय पत्नी के साथ हवाई अड्डे पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पिस्टल की जांच और उसमें मौजूद कारतूस की गिनती की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना में जांच कर रही महिला कर्मचारी के पैर में और पास खड़े एक अन्य व्यक्ति घायल हो गये, दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, एक बयान में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (बाबतपुर) के निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा, “आज, 16 अगस्त 2026 को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे, उड़ान आईएक्स-1810 से पत्नी के साथ मुंबई जा रहे एक यात्री ने विमान में ले जाने के लिए एक हथियार की जानकारी दी।’’

गुप्ता ने बयान में कहा, ‘‘हथियार की जांच के दौरान, गलती से एक गोली चल गई, जिससे एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड अलाइड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है और जांच जारी है।”

गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त के बयान के अनुसार, यात्री की पहचान आजमगढ़ जिले के निवासी कमलेश राय के तौर पर हुई।

घटना की जानकारी मिलने पर, पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) और सहायक पुलिस आयुक्त (पिंडरा) समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास में मौजूद महिला कर्मचारी सुमन कुमारी के पैर में लगी, जबकि गोली के छर्रे रोहित नामक कर्मचारी के हाथ में लगे हैं।

पुलिस ने कहा कि घटनास्थल की जांच की जा रही है और जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बयान में कहा कि इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द धीरज दिलीप

दिलीप