Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

केरल में स्वतंत्रता दिवस समारोहों में केवल राष्ट्रगान का गायन अनिवार्य: मुरलीधरन

तिरुवनंतपुरम, 16 अगस्त (भाषा) केरल के स्वास्थ्य एवं देवस्वम मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान केवल राष्ट्रगान का गायन अनिवार्य किया है।

राज्य सरकार के आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ नहीं गाए जाने के सवाल पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केरल सरकार केवल राष्ट्रगान पर जोर देती है। सिर्फ वंदे मातरम् ही नहीं, कोई भी देशभक्ति गीत गाया जा सकता है। यह केवल वंदे मातरम् तक सीमित नहीं है, कई अन्य देशभक्ति गीत भी हैं। बृहस्पतिवार को आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत सेंट्रल स्टेडियम में अन्य देशभक्ति गीत गाए गए थे।’’

मुरलीधरन ने कहा कि वंदे मातरम् के गायन को विवाद का मुद्दा बना दिया गया है और इसी वजह से स्वतंत्रता दिवस पर इसे नहीं गाया गया, न कि इसके प्रति किसी तरह के अनादर के कारण।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने शुरू से ही वंदे मातरम् के पहले दो अंतरों के गायन को स्वीकार किया है।’’

नयी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) कार्यालय में वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाए जाने के संबंध में मुरलीधरन ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व इस पर प्रतिक्रिया देगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व ही यह स्पष्ट करेगा कि जो हुआ उस पर उसका रुख क्या है। हमारे पास इसकी केवल सुनी-सुनाई जानकारी है। इसलिए दिल्ली से विस्तृत स्पष्टीकरण आने दें।’’

माकपा नेता ए. ए. रहीम की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि वंदे मातरम् का गायन केरल में वाम दलों के डर से नहीं किया गया, मुरलीधरन ने कहा, ‘‘मैं अपने प्रिय मित्र से केवल इतना कहना चाहता हूं कि इस तरह शेखी न बघारें।’’

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पुनर्गठन के बारे में मुरलीधरन ने कहा कि यह जल्द किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कह सकता कि दो सप्ताह में होगा, लेकिन पुनर्गठन का काम बहुत जल्द होगा। केवल केपीसीसी अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि विधायक पद पर रहते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्ष का पद संभाल रहे नेताओं ने भी पद से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। इसके अनुसार व्यापक बदलाव किए जाएंगे। मेरा अब भी मानना है कि पार्टी के बेहतर कामकाज के लिए ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति अपनाना ज्यादा उचित है।’’

मलप्पुरम में कांग्रेस विधायकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का उल्लेख नहीं किए जाने के सवाल पर मुरलीधरन ने कहा, ‘‘नहीं, पोन्नानी के विधायक ने उनका उल्लेख किया था... केरल में सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही है। इसलिए सरकार की सभी उपलब्धियों का श्रेय मुख्यमंत्री को भी उचित रूप से जाता है।’’

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल