कोच्चि, 16 अगस्त (भाषा) केरल में कोठामंगलम के निकट एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले अरुणाचल प्रदेश के 20 वर्षीय छात्र का शव रविवार को उसके किराए के कमरे में मिला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले के नाहरलागुन निवासी मिची मारपु के रूप में हुई है। वह कोठामंगलम के ‘एमए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग’ में बीटेक के तीसरे वर्ष का छात्र था।
अधिकारियों ने बताया कि मारपु शनिवार शाम कोठामंगलम के निकट कोझिप्पिल्ली स्थित किराए के उस मकान में फर्श पर पड़ा मिला, जहां वह अपने कॉलेज के सहपाठियों के साथ रहता था। उसकी गर्दन में रस्सी बंधी हुई थी।
उन्होंने कहा कि मारपु को कोठामंगलम तालुक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को संदेह है कि मारपु ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया , लेकिन रस्सी टूट गई और वह फर्श पर गिर गया।
इसने बताया कि उसके कमरे से अंग्रेजी और हिंदी में लिखा तीन पन्नों का एक 'सुसाइड नोट' भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, कुछ विषयों में कम अंक आने के बाद वर्ष खराब होने के डर से मारपु ने यह कदम उठाया होगा।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
घटना के संबंध में कॉलेज के छात्रों ने प्रदर्शन करने का फैसला किया है। उनका आरोप है कि कॉलेज में न्यूनतम ‘क्रेडिट’ की आवश्यकता राज्य के अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों की तुलना में अधिक है।
कॉलेज में ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और केरल छात्र संघ (केएसयू) के नेताओं ने संवाददाताओं को बताया कि ‘एमए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग’ स्वायत्त व्यवस्था के तहत संचालित होता है और उसने न्यूनतम क्रेडिट की आवश्यकता 22 निर्धारित की है, जबकि 'केरल टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी' से संबद्ध कॉलेजों में यह 18 ‘क्रेडिट’ है।
कॉलेज की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के कोठामंगलम पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
कोठामंगलम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल