लातेहार, 15 अगस्त (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक कंटेनर ट्रक ने एक ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़ टंगवा घाटी में शाम करीब पांच बजे से छह बजे के बीच हुआ।
चंदवा थाना के प्रभारी मनोरंजन प्रसाद ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों में अफसारी खातून (40) और उनका सात वर्षीय बेटा असजद शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों में से तीन लोग लातेहार के निवासी थे। ऑटो-रिक्शा चालक की भी मौत हो गई। उसकी पहचान लोहरदगा जिले के निवासी रागिब खान (35) के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।’’
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष