Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

ओडिशा: बालासोर में ध्वजदंड लगाते समय बिजली का करंट लगने से शिक्षक की मौत, तीन छात्र घायल

बालासोर, 15 अगस्त (भाषा) ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए ध्वजदंड लगाने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक निजी स्कूल के शिक्षक की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सिमुलिया प्रखंड के मैतापुर इलाके में हुई।

मृतक शिक्षक की पहचान शारीरिक शिक्षा के शिक्षक प्रियव्रत बेहरा (26) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि बेहरा ध्वजदंड लगाने के लिए एक लंबा लोहे का पाइप ले जा रहे थे और इस दौरान वह पाइप पर नियंत्रण नहीं रख पाए और वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली के तार के संपर्क में आ गया।

पुलिस के मुताबिक, बिजली करंट लगने से पाइप और बेहरा दोनों नीचे गिर गए। उन्हें तुरंत भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शिक्षक को बचाने की कोशिश में तीन छात्र भी करंट की चपेट में आ गए। तीनों को सिमुलिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

वहीं जिले की एक और घटना में स्कूल के लगभग आठ बच्चे और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए। सभी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे तभी उनका वाहन पलट गया।

पुलिस ने बताया कि हादसा बहानागा ब्लॉक के साथी में हुआ।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घायल छात्रों और चालक को बचाकर सोरो अस्पताल पहुंचाया। उसने बताया कि चालक की हालत बिगड़ने पर उसे बाद में बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष