गुवाहाटी, 15 अगस्त (भाषा) असम में शनिवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ और प्रभावित लोगों की संख्या घटकर लगभग 62,000 रह गई। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या भी कम होकर पांच पर आ गई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में बाढ़ के कारण किसी भी व्यक्ति की मौत की खबर नहीं है, जिससे इस वर्ष बाढ़ के कारण जान गंवाने वालों की कुल संख्या 104 पर स्थिर है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गोलाघाट, होजाई, नगांव, शिवसागर और जोरहाट जिलों के 16 राजस्व मंडल और 235 गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं।
वर्तमान में कुल 62,443 लोग बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें सबसे अधिक 33,332 प्रभावित लोग नगांव जिले में हैं। इसके बाद गोलाघाट में 12,641 और जोरहाट में 8,523 लोग प्रभावित हैं।
इससे पहले शुक्रवार को राज्य के सात जिले बाढ़ की चपेट में थे और प्रभावितों की संख्या 78,000 से अधिक थी।
प्रशासन द्वारा विस्थापित लोगों के लिए 28 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 4800 से अधिक लोगों ने शरण ली हुई है। इसके अलावा, नौ राहत सामग्री वितरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।
बुलेटिन के अनुसार, राज्य में 4,954.43 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें अब भी पानी में डूबी हुई हैं।
भाषा सुमित शफीक
शफीक