Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

ओडिशा बाढ़: 95 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

भुवनेश्वर, 15 अगस्त (भाषा) ओडिशा के छह जिलों में शनिवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के कारण राज्य सरकार ने निचले इलाकों से 95 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार बाढ़ से बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज, क्योंझर और केंद्रपाड़ा जिलों के 52 प्रखंडों के 503 गांवों में लगभग 2.70 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

इन जिलों में बैतरणी, ब्राह्मणी, जालका और बुधबलंगा नदियों तथा उनकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि उत्तरी ओडिशा में बारिश जारी रहने के बीच राज्य प्रशासन ने बचाव और राहत कार्यों को तेज कर दिया है।

आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि कुल 95,206 लोगों को 226 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जहां पका हुआ भोजन, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता, रोशनी और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई है।

पुजारी ने कहा कि संबंधित जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (डीईओसी) के साथ समन्वय करके स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर और क्योंझर जिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में बचाव, राहत और आपातकालीन कार्यों के लिए 118 प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं।

मंत्री ने कहा कि सभी नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

इस बीच, मौसम विभाग ने शाम के बुलेटिन में कहा कि दक्षिण-पूर्वी झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है।

इसमें कहा गया है कि हालांकि, अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का एक और क्षेत्र बनने का अनुमान है।

भाषा

देवेंद्र जोहेब

जोहेब