हैदराबाद, 15 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को नागरिकों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेने और एक विकसित, स्वस्थ, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान, राज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और औपचारिक सलामी ली।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शुक्ला ने कहा कि विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है। उन्होंने विकास के एक अहम इंजन के तौर पर तेलंगाना के उभरने का जिक्र किया और बताया कि हैदराबाद ने सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, औषधि, जैव प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
राज्यपाल ने ‘टीबी मुक्त भारत’ और ‘नशा मुक्त भारत’ को बड़े पैमाने पर जन-आंदोलन बनाने की जरूरत पर जोर दिया और नागरिकों, संस्थाओं व युवाओं से टीबी को खत्म करने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप