हांसी, 15 अगस्त (भाषा) हांसी में डेयरी संचालक की हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को राज्य के स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में रोके जाने पर कथित तौर पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें हांसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार और एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत महिलाओं सहित 150-200 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर और दूसरे वाहनों से आए किसानों की पुलिस के साथ दो-तीन जगहों पर झड़प हुई, जब उन्हें हांसी के राजकीय विद्यालय मैदान में हो रहे कार्यक्रम की ओर जाने से रोका गया।
पुलिस ने कथित तौर पर पत्थरबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
एसपी विनोद कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ दिए और ट्रैक्टरों से पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें वह खुद, एक डीएसपी, एक सीआईए निरीक्षक और अन्य घायल हुए हैं।
प्रदर्शनकारी चार अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में नौ संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन प्रदर्शनकारी कथित मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, जो अभी फरार है।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए हांसी में कई स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
एसपी ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप लगाए जाएंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने जीवन के हत्यारों की गिरफ्तारी और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बल प्रयोग की निंदा की। एसकेएम ने यह भी आरोप लगाया कि बडोपट्टी टोल प्लाजा पर कई किसानों, मजदूरों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
एसकेएम के प्रवक्ता श्रद्धानंद राजली ने एक बयान में आरोप लगाया कि पुलिस ने कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, उन पर लाठीचार्ज किया और उनके कई साथियों को गिरफ्तार किया। बयान में कहा गया, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।'
यह हत्या चार अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने कथित तौर पर डेयरी संचालक जीवन पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहा था, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया।
उनका परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हिसार पुलिस ने पहले कहा था कि वह फरार आरोपी को पकड़ने की लगातार कोशिश कर रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।
भाषा
शुभम माधव
माधव