कोलकाता, 15 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की युवा नेता उपासना चौधरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया और उन्हें शहर के दक्षिणी हिस्से में स्थित आशुतोष कॉलेज में प्रवेश करने से रोकने का काम किया जहां वह राष्ट्रीय ध्वज फहराने पहुंचीं थीं।
पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ की प्रभारी और ममता बनर्जी गुट की नेता चौधरी ने यह भी दावा किया कि जब वह संस्थान में पहुंचीं तो उन पर अंडे फेंके गए।
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में बाहरी लोग घुस आए थे और सुरक्षाकर्मियों ने उनके पहचान पत्रों की जांच नहीं की थी।
चौधरी ने दावा किया कि कॉलेज के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे और टीएमसी के अन्य कार्यकर्ताओं से प्रवेश द्वार के सामने एकत्र न होने को कहा, जिसके बाद उनके साथ उनकी तीखी बहस हुई।
टीएमसी नेता ने आरोप लगाया कि इस कहासुनी के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन पर अंडे फेंके गए।
चौधरी ने दावा किया, ‘‘अंडे से हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े अभाविप के सदस्य थे और पुलिस उनका समर्थन कर रही थी।’’
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह घटना ‘टीएमसी के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाती’ है।
पुलिस ने इस आरोप पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है।
भाषा सुमित संतोष
संतोष