छतरपुर (मप्र), 15 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूल से घर लौट रहे दो किशोरों की शनिवार को एक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हादसा लवकुशनगर थाना क्षेत्र के गुड़ाकला गांव में हुआ। मृतकों की पहचान लक्ष्य भारती (15) और उसके 16 वर्षीय दोस्त अनिल अहिरवार के रूप में हुई है। लक्ष्य के पिता रमेश भारती ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्कूल से लौटते समय तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। दोनों छात्रों को पहले लवकुशनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
लवकुशनगर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नवीन दुबे ने बताया कि एक वाहन (एमयूवी) ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने छतरपुर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। भाषा सं दिमो शोभना
शोभना