चतरा, 15 अगस्त (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 1,050 किलोग्राम डोडा-पोस्ता जब्त करके चालक को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को लातमा गांव के पास पंजाब जा रहे ट्रक को रोककर जांच की।
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनीमेष नैथानी ने संवाददाताओं को बताया, 'ट्रक से 58 बोरियों में भरकर रखा गया कुल 1,050 किलोग्राम डोडा-पोस्ता बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है।'
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले दीपक सिंह (35) के रूप में हुई है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि लावालोंग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष