जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) जयपुर में तीज माता की सवारी शनिवार शाम पारंपरिक उत्साह व श्रद्धा के साथ निकाली गई जिसमें पर्यटकों सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
तीज माता की यह सालाना सवारी सिटी पैलेस से शुरू हुई। यह त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार से होकर तालकटोरा स्थित पौंड्रिक पार्क पहुंची।
जयपुर के पूर्व शाही परिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह ने त्रिपोलिया गेट पर तीज माता की पारंपरिक आरती की। जुलूस में लोक कलाकारों ने हिस्सा लिया और पारंपरिक नृत्य, तलवारबाजी व अन्य लोक कलाओं का प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि जुलूस में सजे-धजे घोड़े और ऊंट, रथ, पारंपरिक चंग लिए कलाकार, मांगणियार गायक, कठपुतली कलाकार और 'बहुरूपिया' कलाकार शामिल थे। सवारी के सजीव प्रसारण के लिए अनेक जगह एलईडी लगाई गई थीं।
भाषा पृथ्वी शोभना
शोभना