नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को तिरंगा लिए हजारों लोग जश्न मनाने इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर पहुंचे, जिससे सेंट्रल विस्टा में उत्सव भरा माहौल नजर आया।
इस दौरान परिवारों, पर्यटकों और युवाओं ने दिनभर यहां तस्वीरें खिंचवाईं और आजादी के जश्न का आनंद लिया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुबह से ही इंडिया गेट पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
प्रतिष्ठित स्मारक के आसपास बड़ी संख्या में परिवार नजर आए, जिनमें कई लोग बच्चों के साथ पहुंचे थे।
परिवार के साथ यहां पहुंचे अमन ने कहा, “हम यहां इसलिए आए क्योंकि इंडिया गेट पर स्वतंत्रता दिवस मनाने का अलग ही एहसास होता है। भीड़ जरूर है, लेकिन माहौल बहुत अच्छा है।”
इस दौरान आइसक्रीम और खिलौने बेचने वालों की भी अच्छी बिक्री हुई। इंडिया गेट के पास की चौड़ी सड़क पर लोगों के चलने और तस्वीरें खिंचवाने के बीच बच्चे आइसक्रीम और खिलौनों की दुकानों पर जुटे नजर आए।
इसी के साथ आज केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर भी भारी भीड़ देखी गई, क्योंकि लोगों ने इंडिया गेट और आसपास के इलाकों तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया। इसके अलावा खान मार्केट और अन्य नजदीकी मेट्रो स्टेशनों पर भी यात्रियों की भारी आवाजाही रही।
एक यात्री ने कहा, 'मेट्रो स्टेशन पर भारी भीड़ थी क्योंकि बड़ी संख्या में लोग स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए इंडिया गेट की ओर जा रहे थे।'
इस भारी भीड़ के कारण इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास की सड़कों पर भारी जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और पैदल यात्रियों के प्रबंधन के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष