लखीमपुर खीरी, 15 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा बफर जोन में मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामलों के बीच वन विभाग ने शनिवार को बेलरयां रेंज के बाबागंज-बैरिया गांव से एक और तेंदुए को पकड़ लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वन विभाग के अनुसार, अगस्त महीने में तेंदुए को पकड़े जाने की यह चौथी घटना है, जबकि चालू वित्त वर्ष में अब तक 14 तेंदुए पकड़े जा चुके हैं।
बेलरयां रेंज अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि निघासन उपखंड क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार आवाजाही और हाल में हुए हमलों में चार लोगों की मौत को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पिंजरे लगाए गए थे।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में शनिवार को बाबागंज गांव में लगाए गए पिंजरे में चारे के लालच में एक तेंदुआ फंस गया।
उल्लेखनीय है कि इसी गांव में 23 जुलाई को तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बालक गोलू की मौत हो गई थी।
दुधवा बफर जोन के पशु चिकित्सक डॉ. दया शंकर ने रेंज मुख्यालय में पकड़े गए तेंदुए की जांच की। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ करीब पांच साल की मादा है। जांच में वह स्वस्थ और पूरी तरह से फिट पाई गई तथा उसमें किसी तरह की शारीरिक कमी नहीं मिली।
रेंज अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए को कहां और कब छोड़ा जाएगा, इसका निर्णय सक्षम अधिकारियों के निर्देश के बाद लिया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत