Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

मप्र: विद्यार्थियों ने मंत्री का काफिला रोका, स्कूल तक सड़क, बिजली की मांग

छतरपुर (मप्र), 15 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में विद्यार्थियों के एक समूह ने शुक्रवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोककर अपने स्कूल तक पक्की सड़क और बिजली समेत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

यह घटना चंदला विधानसभा क्षेत्र में हुई, जो जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर है। बस्राही स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने क्षेत्र से गुजर रहे मंत्री के काफिले को रोक लिया।

विद्यार्थियों ने मंत्री को बताया कि स्कूल तक समतल सड़क नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्कूल में बिजली आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं।

विद्यार्थियों द्वारा मंत्री का काफिला रोके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है।

अहिरवार ने विद्यार्थियों की बातें सुनीं और उन्हें जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि प्रस्तावित सड़क के रास्ते में निजी भूमि आने के कारण सड़क निर्माण का काम लंबित था। उन्होंने कहा कि भूमि मालिक से चर्चा हो चुकी है और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

अहिरवार ने कहा कि सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल में पहले से ही चारदीवारी है और विद्यार्थियों की मुख्य मांग स्कूल तक पहुंच मार्ग के निर्माण को लेकर है।

विद्यार्थियों ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई थी और मांगें पूरी नहीं होने के कारण उन्हें मंत्री का काफिला रोककर अपनी बात रखनी पड़ी। यह घटना ऐसे समय हुई है जब देश के विभिन्न हिस्सों में स्कूली विद्यार्थी के अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के मामले सामने आ रहे हैं।

भाषा सं दिमो शोभना

शोभना