चंडीगढ़, 15 अगस्त (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को शनिवार को 'सुनियोजित राजनीतिक साजिश' बताया और कहा कि इसके पीछे जो भी है, उसे सिख नहीं कहा जा सकता।
महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के अंदर बृहस्पतिवार को निहंग समुदाय के एक सदस्य द्वारा किए गए ‘कृपाण’ हमले में बादल के दाहिने हाथ में चोटें आई थीं। हमलावर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब के खन्ना स्थित इसरू गांव में गोवा मुक्ति आंदोलन के नेता करनैल सिंह इसरू की याद में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल अपने पति पर हुए हमले को याद करते हुए भावुक हो गईं।
कौर ने कहा, “मुझे माफ करें, मैं आज बहुत भावुक हूं। क्योंकि पिछले 48 घंटे मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत मुश्किल रहे हैं। मुझे आज यहां नहीं होना था, सुखबीर जी को यहां होना था। लेकिन देखिए उनके साथ क्या हुआ।”
उन्होंने कहा, “सुखबीर जी पर उस समय हमला किया गया, जब वह सिखों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक में पंजाब की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे थे। जिसने भी उन पर हमला किया, वह सिख नहीं हो सकता और वह ‘गुरु दोषी’ (गुरु का विरोधी) है।”
उन्होंने दावा किया, 'सुखबीर जी पर दो साल में यह दूसरा हमला है और यह पंजाब की शांति भंग करने के लिए 2015 से रची जा रही एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।'
दिसंबर 2024 में बादल पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हुई थी, जिसमें वह बच गए थे।
भाषा जोहेब माधव
माधव