(फोटो के साथ)
कोलकाता, 15 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि एक विकसित और समृद्ध पश्चिम बंगाल ही विकसित भारत की कुंजी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को केवल राज्य के सर्वांगीण विकास के जरिए ही साकार किया जा सकता है।
शुभेंदु ने भारत के विभाजन के दौरान पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों के लिए भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद को याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता राज्य का पिछला गौरव फिर से बहाल करना है।
शुभेंदु ने कोलकाता के प्रतिष्ठित रेड रोड पर आयोजित रंगारंग परेड के बाद स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में कहा, ‘‘अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करके, महिला सशक्तीकरण सुनिश्चित करके, सुरक्षा को मजबूत करके और कानून-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाकर हम राज्य के हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास लाना चाहते हैं।”
इस मौके पर तिरंगा फहराते हुए शुभेंदु ने बंगाल की धरती से जुड़े महान स्वतंत्रता सेनानियों ऋषि अरविंद, सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने मातंगिनी हाजरा और बीना दास जैसी वीरांगनाओं और क्रांतिकारी राष्ट्रवादियों के स्वतंत्रता संग्राम पर पड़े प्रभाव को भी याद किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी दो महान विभूतियों, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और रवींद्रनाथ टैगोर ने क्रमशः राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की रचना की, जिन्होंने पूरे राष्ट्र में जोश और देशभक्ति की भावना जगा दी।’’
शुभेंदु ने सभी से राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर बंगाल को भारत में एक प्रमुख और समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पहले सलामी गारद का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 14 आईपीएस अधिकारियों को पदक प्रदान किए।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर, राज्य के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत भी बजाया गया।
कोलकाता पुलिस, रक्षा और अर्धसैनिक बलों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित परेड के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक झांकी समेत कई रंगारंग झांकियां रेड रोड से गुजरीं।
शुभेंदु ने समारोह के दौरान रेड रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और पुलिस स्मारक पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश