Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

दिल्ली के चिकित्सकों ने शुरू किया 'दो घंटे देश के नाम' अभियान, जरूरतमंदों को मिलेगा निशुल्क परामर्श

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) दिल्ली के डॉक्टरों ने मिलकर 'दो घंटे देश के नाम' नाम से एक स्वास्थ्य सेवा अभियान शुरू किया है, जिसमें अलग-अलग विशेषज्ञता वाले चिकित्सक हर सप्ताह दो घंटे गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त परामर्श देने का संकल्प लिया है।

इस सप्ताह शुरू हुआ यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें नेत्र रोग, हड्डी रोग, कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य, बाल रोग, हृदय रोग, स्त्री रोग और सामान्य चिकित्सा के चिकित्सक शामिल हो रहे हैं।

दिल्ली आई सेंटर की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. इकेदा लाल ने कहा, 'पूरे भारत के मरीज बिल्कुल मुफ्त परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा वीडियो परामर्श या आमने-सामने मिल सकेगी। इसका खास उद्देश्य ग्रामीण और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों के मरीजों को लाभ पहुंचाना है।'

टॉमर फाउंडेशन के संस्थापक और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एल. टॉमर ने कहा, 'अच्छी हड्डी रोग चिकित्सा सुविधा किसी व्यक्ति की भुगतान क्षमता पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। '2 घंटे देश के नाम' के माध्यम से हम उन लोगों तक समय पर परामर्श और सलाह पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।”

इस अभियान में दिल्ली की होप केयर इंडिया की मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम भी शामिल हो गई है।

होप केयर इंडिया के निदेशक और वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. दीपक रहेजा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य अच्छे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन आर्थिक और सामाजिक बाधाओं के कारण कई लोग समय पर मदद नहीं ले पाते।

उन्होंने कहा, 'दो घंटे देश के नाम’ के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी व्यक्ति केवल इसलिए सुनने वाले और विशेषज्ञ सलाह से वंचित न रहे क्योंकि वह इसका खर्च नहीं उठा सकता। '

हृदय रोग, एंडोक्राइनोलॉजी, बाल रोग, स्त्री रोग और सामान्य चिकित्सा जैसे अन्य क्षेत्रों के डॉक्टर भी लगातार इस अभियान से जुड़ रहे हैं। वे अपने अस्पतालों और क्लीनिकों में मुफ्त ओपीडी शुरू कर रहे हैं और दूर-दराज के मरीजों के लिए ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी दे रहे हैं।

भाषा जोहेब माधव

माधव