कोलकाता, 15 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के लिए जासूसी में कथित तौर पर संलिप्त तीन लोगों को कूच बिहार जिले से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिदुल हक, नूर नसीरुद्दीन अली और शफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है। उन्हें स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार देर शाम उत्तर बंगाल के दिनहाटा क्षेत्र के साहेबगंज से पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, तीनों भारत में आईएसआई एजेंट के रूप में गुप्त तरीके से काम कर रहे थे और उन पर भारतीय मोबाइल सिम कार्ड को तस्करी कर बांग्लादेश के रास्ते पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, तीनों पर भारत में आईएसआई एजेंट के तौर पर छिपकर काम करने और मोबाइल फोन के भारतीय सिम कार्ड की बांग्लादेश के रास्ते पाकिस्तान तस्करी करने का आरोप है।
राज्य पुलिस की एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि यह समूह कथित तौर पर जाली नोट छापने में भी शामिल था।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश