Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

उप्र : चंदौली में अंगीठी के धुएं से दम घुटने से महिला की मौत, पति की हालत गंभीर

चंदौली, 15 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को किराये के कमरे में अंगीठी का धुआं भर जाने से दम घुटने के कारण 21 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति बेहोशी की हालत में मिला। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गगनराज सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान रानी (21) के रूप में हुई है, जो बलुआ थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वहीं, घायल पति आकाश (24) रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का निवासी है।

उन्होंने बताया कि आकाश और रानी ने चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। करीब एक सप्ताह पहले ही दोनों ने अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में एक व्यक्ति के मकान में किराये पर कमरा लिया था। दंपती इंडियन ऑयल कंपनी के सामने जलेबी बेचकर अपना गुजारा करते थे।

एसएचओ के अनुसार, शनिवार को काफी देर तक कमरा नहीं खुलने पर मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर रानी मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि आकाश बेहोश मिला।

उन्होंने बताया कि कमरे की सभी खिड़कियां बंद थीं और अंदर धुआं भरा हुआ था। कमरे के एक कोने में अंगीठी रखी थी, जिस पर कड़ाही में जलेबियां छानी गई थीं।

पुलिस ने आशंका जताई है कि अंगीठी से निकले धुएं के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ।

पुलिस ने रानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आकाश का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत