मुंबई, 15 अगस्त (भाषा) मुंबई के बांद्रा वेस्ट इलाके में शनिवार सुबह सात मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 10 बज कर 20 मिनट पर स्टेशन रोड स्थित एम.के. चेंबूर की ‘बी’ विंग में लगी।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर एक घंटे से भी कम समय में काबू पा लिया गया, लेकिन धुएं के कारण इन सात लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई, जिसके बाद सभी को बीएमसी द्वारा संचालित भाभा अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने अस्पताल से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि सभी सात लोगों की हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है।
प्रभावित लोगों की पहचान गजाला जावेद शेख (47), जावेद दिलदार शेख (48), ताहेरा इस्माइल शेख (28), मोहीमुद्दीन जावेद शेख (8), इस्माइल अखिनुद्दीन शेख (38), मारिया जावेद शेख (12) और मेह्नूर जावेद शेख (20) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव