नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक और शुक्रवार के मुकाबले 4.3 डिग्री अधिक है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम और शुक्रवार की तुलना में 1.8 डिग्री कम रहा।
दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी अधिकतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पालम में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री और पिछले दिन से 1.7 डिग्री कम है।
लोधी रोड में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के मुकाबले 4 डिग्री अधिक है। यहां न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.6 डिग्री कम है।
आयानगर में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के मुकाबले 2 डिग्री कम रहा।
इस बीच, आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को भी सामान्य रूप से बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
हालांकि, शनिवार को दिल्ली में बारिश दर्ज नहीं की गई। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है और इस दौरान हल्की बारिश का एक दौर आ सकता है।’’
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में बना रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। शुक्रवार को इसी समय 24 घंटे का औसत एक्यूआई 98 दर्ज किया गया।
भाषा शोभना माधव
माधव