हांसी, 15 अगस्त (भाषा) हांसी में डेयरी संचालक की हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को राज्य के स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में रोके जाने पर कथित तौर पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि हांसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार झड़प के दौरान हाथ पर पत्थर लगने से घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि डीएसपी और निरीक्षक समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी घायल हुए।
किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं और खाप प्रतिनिधियों समेत प्रदर्शनकारियों ने डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के विरोध का आह्वान किया।
चार अगस्त को जीवन की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन प्रदर्शनकारी फरार मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए हांसी में कई स्थानों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर और दूसरे वाहनों से आए किसानों की पुलिस के साथ दो-तीन जगहों पर झड़प हुई, जब उन्हें हांसी के 'गवर्नमेंट कॉलेज' मैदान में हो रहे कार्यक्रम की ओर जाने से रोका गया।
पुलिस ने कथित तौर पर पत्थरबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने बताया कि चोट लगने के बाद कुमार ने खून बहने से रोकने के लिए अपने हाथ को रूमाल से बांध लिया।
किसान नेता सुरेश कौथ समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया, जबकि अन्य को नजरबंद कर दिया गया।
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने जीवन के हत्यारों की गिरफ्तारी और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बल प्रयोग की निंदा की। एसकेएम ने यह भी आरोप लगाया कि बडोपट्टी टोल प्लाजा पर कई किसानों, मजदूरों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
एसकेएम के प्रवक्ता श्रद्धानंद राजली ने एक बयान में आरोप लगाया कि पुलिस ने कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, उन पर लाठीचार्ज किया और उनके कई साथियों को गिरफ्तार किया। बयान में कहा गया, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।'
यह हत्या चार अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने कथित तौर पर डेयरी संचालक जीवन पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहा था, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया।
उनका परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हिसार पुलिस ने पहले कहा था कि वह फरार आरोपी को पकड़ने की लगातार कोशिश कर रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश