Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

केरल में चाकू मारकर माता-पिता की हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार

इडुक्की (केरल), 15 अगस्त (भाषा) केरल के इडुक्की में 29 वर्षीय एक युवक ने अपने माता-पिता की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अजीश ने शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे एझुकुमवायल स्थित अपने घर में पिता एंटनी (59) और मां वालसम्मा (55) पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद उसने घायल माता-पिता का वीडियो बनाकर एक रिश्तेदार को भेज दिया। आरोपी को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि अजीश को शराब और नशे की लत थी और वह नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा चुका था। नशामुक्ति केंद्र से लौटने के बाद वह अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था।

उसने बताया कि रिश्तेदार ने घटना की जानकारी पादरी और पड़ोसियों को दी। जब ये लोग घर में पहुंचे तो उन्हें वहां दंपति मृत मिले।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के बाद अजीश ने पुलिस से कहा कि उसे ''भगवान का फोन आने के बाद उसने अपने माता-पिता को स्वर्ग भेज दिया है।''

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय अजीश की बुजुर्ग दादी भी घर में थीं, लेकिन उसने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। बुजुर्ग महिला बिस्तर पर रहती हैं और उन्हें सुनने तथा देखने में परेशानी है।

पुलिस ने बताया कि रिश्तेदारों के घर पर आने के बाद ही उन्हें घटना की जानकारी हुई।

उसने बताया कि अजीश को शनिवार को सबूत जुटाने के लिए जब घर लाया गया, तो वह अपनी मां के बारे में पूछने लगा।

नेदुमकंडम पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अजीश को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप