नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में महिला यात्रियों के लिए कागजी 'पिंक टिकट' सुविधा को एक बार फिर 31 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
परिवहन विभाग द्वारा जारी पिछले निर्देशों के अनुसार, 16 अगस्त से महिलाओं के मुफ्त बस सफर के लिए 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया जाना था।
आदेश में कहा गया है, 'सक्षम प्राधिकारी ने 31 अगस्त तक कागजी पिंक टिकट जारी करने की मौजूदा व्यवस्था के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके अनुसार, इस विस्तारित अवधि के दौरान पात्र महिला यात्री डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा के लिए कागजी पिंक टिकट प्राप्त करना जारी रख सकती हैं।'
आदेश में कहा गया कि इस विस्तारित अवधि के दौरान डिपो घोषणाओं, बस के भीतर घोषणाओं, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और अन्य उपयुक्त माध्यमों से जन जागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, शहर भर में अब तक लगभग 18 लाख स्मार्ट कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य अगस्त के अंत तक इस संख्या को और बढ़ाना है, जिसके बाद ही स्मार्ट कार्ड को पूरी तरह से अनिवार्य किया जाएगा।
आधिकारिक आदेश के अनुसार, सरकार ने मौजूदा कागजी पिंक टिकटों को धीरे-धीरे बंद करने और मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह से स्मार्ट कार्ड-आधारित प्रणाली पर स्थानांतरित होने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शहर भर में 50 अधिकृत केंद्र बनाए हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव