Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

युवा शक्ति के विचार, नवाचार और उद्यमिता विकसित राजस्थान का आधार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता ही विकसित राजस्थान के आधार हैं।

उन्होंने युवाओं से अपने सामर्थ्य और समर्पण के बल पर माता-पिता के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बीकानेर में आयोजित ‘विकसित राजस्थान-2047’ कार्यक्रम के तहत युवाओं से संवाद के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा कि युवा राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत हैं और वे विकसित, आत्मनिर्भर एवं नए भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

शर्मा ने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जनसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए राजस्थान युवा नीति सहित 36 नीतियां लागू की गई हैं और स्टार्टअप तथा स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक माफिया के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं। करीब 1.78 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।

शर्मा ने कहा कि निजी क्षेत्र में भी चार लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न युवाओं से संवाद किया। युवाओं ने भी अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बीकानेर में पांच नयी पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत