हांसी, 15 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि राज्य ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां राष्ट्रध्वज फहराने के बाद यह बात कही।
देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले और राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सीमाओं की रक्षा तक हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर सैनी ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बरवाल को सम्मानित किया और हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी (सेवा की सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत नौ स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी प्रमाणपत्र सौंपे।
सैनी ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों के दौरान हरियाणा का विकास समानता, सद्भाव और सहिष्णुता के साथ हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता आई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोगों को उनके घरों पर योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिले।
उन्होंने लोगों से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण के लिए कड़ी मेहनत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश