Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

पटना: दुकान में घुसने का प्रयास कर रहे हथियारबंद बदमाश ने विरोध करने पर जौहरी को गोली मारी

पटना, 15 अगस्त (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में दुकान में पीछे के दरवाजे से कथित तौर पर घुसने की कोशिश कर रहे हथियारबंद बदमाश ने पत्नी के साथ विरोध कर रहे जौहरी को गोली मार दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 10.45 बजे कंकड़बाग थाना क्षेत्र में हुई।

पटना सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 मनोज कुमार ने बताया कि दुकान का शटर रात करीब 9.30 बजे बंद कर दिया गया था, लेकिन पीछे का दरवाजा खुला रह गया था।

उन्होंने कहा, 'आरोपी पीछे के दरवाजे से दुकान में घुसा और दुकान तक जाने वाले गलियारे में जौहरी और उनकी पत्नी ने उसे रोका। दंपति द्वारा रोके जाने पर उसने गोली चला दी, जो दुकान मालिक के पेट में लगी।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल जौहरी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने आगे बताया कि हाथापाई के दौरान आरोपी की शर्ट फट गई और वह सड़क के दूसरी तरफ एक गली में इंतजार कर रहे अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से भाग गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।

एसडीपीओ ने कहा, 'आरोपी भागते समय घटनास्थल पर अपनी पिस्तौल छोड़ गया। हमने हथियार जब्त कर लिया है और उसकी मैगजीन से तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।'

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश