Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

‘शानदार और बेहतरीन’ : भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन की प्रशंसा की

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन को ‘‘शानदार और बेहतरीन’’ बताते हुए प्रशंसा की। पार्टी ने कहा कि उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए एक व्यापक खाका पेश किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को नयी ऊंचाई पर ले जाने और सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए ‘सप्तधारा’ यानी ताकत के सात स्तंभों का मंत्र प्रस्तुत किया।

शाह ने कहा कि साथ ही मोदी ने सेमीकंडक्टर, जरूरी खनिजों, ऊर्जा और रेलवे परिवहन जैसे क्षेत्रों में पिछले 12 साल में हुई ‘‘अभूतपूर्व प्रगति’’ का भी जिक्र किया।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए ‘नशा-मुक्त भारत’, ‘सुरक्षित भारत’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ एक विकसित भारत बनाने का व्यापक खाका पेश किया।’’

गृह मंत्री ने कहा कि मोदी ने एक ही साल में एक करोड़ से ज्यादा युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण देने, नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क बनाने और युवाओं की क्षमता का सही इस्तेमाल करने के लिए 2036 ओलंपिक के मद्देनजर देशव्यापी प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम प्रधानमंत्री का संबोधन ‘‘बेहद शानदार और बेहतरीन’’ था।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मोदी ने अपने संबोधन में स्पष्ट रूप से इस बात पर जोर दिया कि ‘विकसित भारत’ की ओर देश की यात्रा एक स्पष्ट दृष्टिकोण और अटूट प्रतिबद्धता से प्रेरित है।

सिंह ने कहा, ‘‘उनका (मोदी) संकल्प दृढ़ और स्पष्ट है : पूरे भरोसे के साथ सुधार करना, युवाओं को सशक्त बनाना, देश को मजबूत करना और भारत को एक वैश्विक शक्ति केंद्र बनाना।’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की युवा शक्ति पर जोर दिया और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को पाने के लिए दृष्टिकोण और प्रयासों की रूपरेखा बताई।

गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने अपने भाषण में ‘शक्ति की सप्तधारा’ का जिक्र किया और लोगों से एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के संकल्प को नयी गति और दिशा देने के लिए साथ आने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए लालकिले की प्राचीर से देश के सामने एक स्पष्ट खाका पेश किया।

नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2047 तक ‘विकसित भारत’ का सपना अब सिर्फ एक सपना नहीं रह गया है। यह एक राष्ट्रीय लक्ष्य है जिसे 140 करोड़ नागरिकों की क्षमता और संकल्प के जरिए हासिल किया जाएगा।’’

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री के ‘‘दमदार’’ स्वतंत्रता दिवस संबोधन ने ‘विकसित भारत, 2047’ के लिए स्पष्ट रूपरेखा पेश की है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल