Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

करीब 650 नये विश्वविद्यालय खोले, 2014 से मेडिकल सीट दोगुनी हुई : मोदी

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सरकार ने पिछले एक दशक में करीब 650 नये विश्वविद्यालय जोड़े हैं और 2014 के बाद से मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है।

मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि सरकार ने दशकों बाद मध्यम वर्गीय परिवारों के लाभ के लिए नयी शिक्षा नीति लागू की।

उन्होंने लाल किले की प्राचीर से कहा, “35 वर्षों तक कोई नयी शिक्षा नीति नहीं थी; हम नयी शिक्षा नीति लाये और इससे मध्यम वर्गीय परिवारों को लाभ हुआ है।”

उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच देश में 350 से भी कम विश्वविद्यालय थे। उन्होंने कहा, “और आज, इन 10-12 वर्षों में करीब 650 नये विश्वविद्यालय जोड़े गए हैं। हम 1,000 के आंकड़े की ओर बढ़ रहे हैं।”

चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी दोगुने से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा, “2014 से पहले करीब 400 मेडिकल सीट थीं; आज करीब 850 मेडिकल सीट हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए भी आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। ऐसे संस्थान अब देश में आ रहे हैं और भारतीय छात्रों को भारत में रहकर विदेशी विश्वविद्यालयों की डिग्री हासिल करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा, “इतना ही नहीं, अब विदेशी विश्वविद्यालय भी भारत आ रहे हैं। ऐसी व्यवस्था की गई है कि हमारे युवा भारत में पढ़ाई करते हुए विदेशी विश्वविद्यालयों की डिग्री हासिल कर सकें।”

मोदी ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि देश के युवा मस्तिष्क बचपन से ही प्रौद्योगिकी की ओर आकर्षित हों। यही कारण है कि हमने बच्चों को 10,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब सौंपे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने स्टार्टअप के लिए नए अवसर भी खोले हैं।

उन्होंने कहा, “आपने देखा होगा कि भारत में 28 वर्ष की औसत आयु वाले युवाओं के नेतृत्व वाले निजी स्टार्टअप ने अपने उपग्रह और रॉकेट प्रक्षेपित किए और अपने पहले ही परीक्षण में सफलता हासिल की। उन्होंने वास्तव में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।”

भाषा

अमित माधव

माधव